Sliderपंजाब

निजी स्वार्थ के लिए, शिक्षा का राजनीतिकरण बंद करे केजरीवाल और मान : चुग

चंडीगढ़ : 11 मार्च 2025

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पंजाब की शिक्षा व्यवस्था को भी अब आपदा पार्टी ने अपने राजनीतिक प्रचार एवं प्रपंच का मंच बना दिया है।

चुग ने कहा, “अरविन्द केजरीवाल साहब, 36 महीने बीत गए, लेकिन आपने पंजाब के लिए एक भी नया काम नहीं किया, उल्टा पूरे प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया! और अब आप बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।”

चुग ने पंजाब बोर्ड की 12वीं कक्षा की राजनीति विज्ञान परीक्षा में पूछे गए सवालों को लेकर मान सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “आठ नंबर का सवाल पूछ रहे हैं – ‘आप सरकार की नीतियों का वर्णन कीजिए’। इस प्रश्न का उत्तर क्या होगा? पंजाब की चरमराती कानून व्यवस्था?, नशे की चपेट में जाता पंजाब का युवा?, या फिर फिनान्शियल हेल्थ इंडेक्स में आखिरी पायदान पर पहुंच चुकी पंजाब की अर्थव्यवस्था?”, क्या आप पंजाब के बच्चो को शराब घोटाला कैसे करना है, कैसे गरीबों के हक़ को मार कर आम आदमी के टैक्स के पैसों से शीशमहल बनाना है ये सिखाना चाहते हैं, या फिर कैसे ‘’पाठशालाओं की जगह मधुशाला’’ खोलना है यह सीख देना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “पंजाब की महिलाएं अपने ₹1000 के वादे को 36 महीनों से याद कर रही हैं, लेकिन मान सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। हर दिन कोई न कोई युवा नशे की चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहा है, हर साल हजारों से अधिक युवा नशे की वजह से बर्बाद हो रहे हैं, लेकिन मान सरकार सत्ता के नशे में इतनी चूर है कि पाठ्यक्रम का हिस्सा न होने के बावजूद बोर्ड परीक्षा में ‘आप के स्थापना दिवस’ जैसे सवाल पूछे जा रहे हैं।”

चुग ने भगवंत मान को घेरते हुए कहा, “इस तरह की घटिया राजनीति कर पंजाब के छात्रों के भविष्य को दांव पर लगाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह स्पष्ट है कि भगवंत मान और उनकी केजरीवाल के इशारों पर नाचने वाली ‘’कठपुतली सरकार’’ को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।”

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “भगवंत मान, जवाब दें – आखिर किस कारण से 12वीं बोर्ड परीक्षा में इस प्रकार के राजनीतिक प्रश्न पूछे गए? क्या आपकी सरकार का काम केवल आम आदमी पार्टी का प्रचार करना रह गया है? अरविंद केजरीवाल, शिक्षा का राजनीतिकरण बंद करो, वरना पंजाब की जनता आपको इसका करारा जवाब देगी!”

Related Articles

Back to top button