
असम: असम के तिनसुकिया जिले में स्थित काकोपाथार आर्मी कैंप पर देर रात भीषण हमला हुआ जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आधी रात के आसपास हुए इस हमले में तेज़ गोलीबारी और कई ग्रेनेड धमाकों की आवाज़ें गूंज उठीं जिसने स्थानीय निवासियों को जगा दिया। गोलीबारी का यह सिलसिला करीब एक घंटे तक चला।प्रारंभिक जांच और सुरक्षा सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने भारतीय सेना की 19 ग्रेनेडियर्स यूनिट के कैंप को निशाना बनाया। कैंप पर ग्रेनेड फेंके गए जिसके कारण सेना के तीन जवान घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस बल तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने पूरे इलाके को घेर लिया। किसी भी तरह की संभावित खतरे को देखते हुए नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किया गया एक ट्रक बाद में पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश के तेंगापानी क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद किया गया है। बरामद किए गए वाहन में ग्रेनेड के अवशेष और हथियारों के निशान मिले हैं जो अब पुलिस और सेना की जांच का केंद्र बने हुए हैं।