
दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो प्रमुख कॉलेजों रामजस कॉलेज और देशबंधु कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एहतियात के तौर पर दोनों कॉलेज परिसरों को खाली करा लिया गया।ईमेल से धमकी मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई। दिल्ली पुलिस ने तत्काल बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड को दोनों कॉलेजों के परिसर में भेजा। सुरक्षा कारणों से दोनों कॉलेजों की पूरी बिल्डिंग खाली करा दी गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बिल्डिंग का एक-एक कोना खंगाला और चप्पे-चप्पे पर सघन तलाशी अभियान चलाया।जांच अभियान के दौरान अब तक की स्थिति यह है: सघन सर्च ऑपरेशन के बावजूद पुलिस को कोई भी संदिग्ध चीज़ या विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है। पुलिस अब इस धमकी भरे ईमेल के स्रोत और इसके पीछे के व्यक्ति या समूह की पहचान करने की जांच में जुट गई है। इस तरह के फर्जी कॉल करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।