फगवाड़ा 17 दिसंबर (शिव कौड़ा) श्री विश्वकर्मा चैरिटेबल अस्पताल ट्रस्ट फगवाड़ा में ट्रस्टी मेंबर्स की एक बैठक ट्रस्ट के प्रधान प्रदीप धीमान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें अस्पताल के कामकाज की समीक्षा की गई। इस दौरान अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिये अस्पताल स्टाफ और ट्रस्टी मैंबर्स के सुझाव लिये गये। प्रदीप धीमान ने बताया कि अस्पताल ट्रस्ट मानवता की सेवा को समर्पित है। यही वजह है कि अस्पताल में बहुत ही कम शुल्क लेकर बढिय़ा ईलाज की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण के साथ अस्पताल को लैस किया गया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने और तकरीबन सभी रोगों के ईलाज की सुविधा प्रदान करने का हर संभव प्रयास लगातार जारी है। इसके अलावा श्री विश्वकर्मा धीमान सभा की देखरेख में श्री विश्वकर्मा मन्दिर परिसर में चल रहे चैरिटेबल कंप्यूटर इंस्टीट्यूट को अपडेट करने के लिए भी सभा के सदस्यों ने अपने सुझाव दिये। प्रदीप धीमान के अनुसार इंस्टीच्यूट में और नये कम्प्यूटर कोर्स शुरु किये जायेंगे। ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा इंस्टीच्यूट से कम्प्यूटर प्रशिक्षण लेकर अपना रोजगार शुरु कर सकें। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में स्वरोजगार के द्वारा बेरोजगारी की समस्याओ को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। विज्ञान और आई.टी. के युग में कम्प्यूटर का प्रशिक्षण हर युवा को अवश्य प्राप्त करना चाहिये। जिसके द्वारा वे न केवल खुद अपना स्वरोजगार शुरु कर सकते हैं बल्कि दूसरों को भी रोजगार का साधन देकर देश के आर्थिक विकास में बहुमुल्य योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर जसपाल सिंह लाल, सुरिंदर पाल धीमान, गुरनाम सिंह जुतला, सुभाष धीमान, प्रशांत धीमान, राजिंदर सिंह रूपराय, सुखदेव सिंह चगर,डा.कोमल ठाकुर, बलविंदर सिंह रतन और विक्रम रूपराय आदि उपस्थित थे।