दिल्ली: उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 29 दिसंबर तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। बिहार में 31 दिसंबर तक और पंजाब व हरियाणा में 30 दिसंबर तक घना कोहरा रहने का अनुमान है। IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कोल्ड डे, जबकि बिहार, बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड के लिए सीवियर कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है।राजधानी दिल्ली में 2 दिन तक धूप खिलने के बाद साफ आसमान की वजह से गलन बढ़ गई है। पहाड़ों से आने वाली सर्द पछुआ हवाओं ने न्यूनतम तापमान गिराकर 6.5 डिग्री सेल्सियस तक ला दिया है। शुक्रवार को पारा और गिरने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 230 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है।