
दिल्ली। प्रवर्तन निदेशाल ने दिल्ली के सर्वप्रिय विहार इलाके में मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक स्तर पर छापेमारी की है। यह तलाशी अभियान 30 दिसंबर 2025 को शुरू किया गया था, जो अब तक लगातार जारी है। इस कार्रवाई के दौरान ईडी को करोड़ों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में कीमती संपत्तियां बरामद हुई हैं, जिससे मामले की गंभीरता और दायरा और अधिक स्पष्ट हो गया है।छापेमारी के दौरान ईडी के जांच अधिकारियों ने ₹5.12 करोड़ की बड़ी नकद राशि जब्त की है। नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती के लिए बैंक अधिकारियों को विशेष रूप से कैश काउंटिंग मशीनों के साथ मौके पर बुलाना पड़ा। नकदी अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी, जिसे तलाशी के दौरान बरामद किया गया।नकदी के अलावा ईडी ने एक सूटकेस में भरे हुए सोने और हीरे के कीमती आभूषण भी जब्त किए हैं। इन गहनों की अनुमानित कीमत करीब ₹8.80 करोड़ बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि ये आभूषण अवैध धन से खरीदे गए हो सकते हैं और इन्हें संपत्ति के रूप में छिपाकर रखा गया था।