पुणे: पुणे में 2012 के सिलसिलेवार बम धमाकों के आरोपियों में से एक बंटी जहागीरदार की बुधवार को अहिल्यानगर जिले के श्रीरामपुर कस्बे में अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, लगभग 50 वर्षीय जहागीरदार दोपहर करीब दो बजे बोरावेक कॉलेज रोड स्थित कब्रिस्तान से दोपहिया वाहन पर सवार होकर एक अन्य व्यक्ति के साथ लौट रहा था, उसी समय मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने जहागीरदार पर हमला कर दिया। अहिल्यानगर के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घरगे ने बताया कि जहागीरदार को गोली लगी थी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। अधिकारी ने कहा हमले के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के लिए कई टीम गठित की गई हैं और जांच जारी है। जहागीरदार को महाराष्ट्र आतंकवाद-रोधी दस्ते ने जंगली महाराज रोड सिलसिलेवार बम धमाकों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया था