दिल्ली: नए साल की शुरुआत हवाई यात्रियों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। जहां एक तरफ गैस सिलेंडर की कीमतों ने आम आदमी को झटका दिया है वहीं दूसरी ओर सरकारी तेल कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी हवाई जहाज के ईंधन की कीमतों में बड़ी कटौती की है। घरेलू उड़ानों के लिए ईंधन के दाम में 7% से ज्यादा और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 8% से अधिक की कमी की गई है। हवाई यात्रा के कुल खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी 40% से ज्यादा होती है इसलिए इस कटौती का सीधा असर हवाई किराए पर पड़ सकता है।दिल्ली सहित अन्य केंद्रों पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ईंधन के दाम डॉलर में तय होते हैं। यहाँ भी कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में एटीएफ के दाम $864.81 से घटकर अब $791.48 प्रति किलोलीटर हो गए हैं। यह करीब 8.48% की बड़ी गिरावट है। अन्य केंद्रों पर भी इसी तरह $73 तक की कटौती की गई है जिससे विदेशी यात्रा करने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में सस्ते टिकट की उम्मीद जगी है।