SliderUncategorizedपंजाब

फगवाड़ा में शिव सेना यू.बी.टी. का शक्ति प्रदर्शन, 200 से अधिक युवा संगठन में हुए शामिल

फगवाड़ा 1 जनवरी (शिव कौड़ा) शिव सेना यू.बी.टी. के पंजाब प्रधान योगराज शर्मा आज फगवाड़ा पहुंचे। जहां उनका शिव सेना यू.बी.टी. के प्रदेश महासचिव गुरदीप सिंह सैनी के नेतृत्व में फूलमालाएं पहना कर भव्य स्वागत किया गया। पंजाब प्रधान के आगमन को लेकर शिव सेना कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। योगराज शर्मा ने शिव सेना कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के विस्तार को लेकर गहन चर्चा की। इस दौरान करीब दो सौ से अधिक युवाओं ने शिव सेना यू.बी.टी. की विचारधारा से प्रभावित होकर संगठन की सदस्यता ग्रहण की। जिससे फगवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में संगठन को नई मजबूती मिली। समूह सदस्यों को संबोधित करते हुए योगराज शर्मा ने कहा कि शिव सेना यू.बी.टी. एक ऐसी राष्ट्रवादी ताकत है, जो बिना किसी भेदभाव के हिन्दू समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में हिन्दू समाज खुद को राजनीतिक रूप से उपेक्षित महसूस कर रहा है और शिव सेना यू.बी.टी. इस उपेक्षा के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रदेश महासचिव गुरदीप सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि शिव सेना यू.बी.टी. एक राष्ट्रवादी संगठन है, जो हिन्दू हितों की रक्षा के लिए वचनबद्ध है। साथ ही यह संगठन भारत की एकता, अखंडता और हिन्दू-सिख भाईचारे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने पंजाब प्रधान योगराज शर्मा को विश्वास दिलाया कि फगवाड़ा के साथ-साथ जिला कपूरथला सहित पंजाब के सभी जिलों में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि राजनीतिक रूप से पंजाब के दूसरे बड़े समुदाय हिन्दू समाज के हित सुरक्षित रह सकें और शिव सेना की नीतियां घर-घर तक पहुंचाई जा सकें। इस अवसर पर शिव सेना यू.बी.टी. के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजिंदर बिल्ला, अशोक जसवाल के अलावा बलजीत सिंह, मनोज शर्मा, बिट्टू, दीपा, शालू, अश्वनी चंबा, धर्मेन्द्र बिल्ला सहित बड़ी संख्या में शिव सेना कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button