
मध्यप्रदेश: छिंदवाड़ा जिले से शुरू हुए ‘कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड ने एक और मासूम की जान ले ली है। बैतूल जिले के 4 वर्षीय बालक हर्ष यादव की रविवार रात नागपुर एम्स में मौत हो गई। हर्ष पिछले चार महीनों से कोमा में था और वेंटिलेटर के सहारे अपनी जिंदगी की जंग लड़ रहा था। बैतूल की आमला तहसील के ग्राम टीकाबर्री निवासी गोकुल यादव का बेटा हर्ष छिंदवाड़ा के परासिया में हुए उस कफ सिरप कांड का शिकार हुआ था जिसने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया था। दवा के कथित रिएक्शन के बाद हर्ष की हालत इतनी बिगड़ गई कि वह कोमा में चला गया। उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर स्थित एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया था लेकिन डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मासूम का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।पिछले साल छिंदवाड़ा के परासिया इलाके में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आए थे। इस सिरप के सेवन के बाद बच्चों में किडनी फेलियर और मस्तिष्क से जुड़ी गंभीर समस्याएं देखी गई थीं। इस मामले में ड्रग विभाग की निगरानी और दवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे थे।