
बाथू (ऊना): इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू में विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, भाषाई दक्षता एवं सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंग्लिश लेक्चरटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में फार्मेसी, बीटेक सीएसई तथा एमएससी केमिस्ट्री विभाग के कुल 19 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के विषय आधुनिक और समाजोपयोगी रहे, जिनमें “AI: Friend or Foe”, “The Importance of Mental Health Awareness for Youth” तथा “The Individual Roles in Waste Management – Protecting the Environment” जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल थे। प्रतिभागियों ने इन विषयों पर आत्मविश्वास, तार्किक सोच और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मनीषा, सुश्री नवजोत कौर एवं सुश्री कनिका रहीं, जबकि संपूर्ण प्रतियोगिता के सह-समन्वयक के रूप में श्री जतिन कंडपाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायक मंडल में डॉ. अमित रानी, डॉ. रेखा, डॉ. मनदीप सिंह तथा डॉ. सुमित शामिल थे, जिन्होंने निष्पक्ष एवं उत्साहवर्धक मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुश्री अंजलि ठाकुर (बी.फार्मेसी) ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कृतिका शर्मा एवं तृतीय स्थान प्रभजोत कौर को मिला। सभी प्रतिभागियों ने पूरे समर्पण और परिश्रम के साथ भाग लिया और मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रजिस्ट्रार डॉ. जगदेव सिंह राणा, इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आज के युवाओं को तकनीक, मानसिक स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे विषयों पर जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को एआई के सकारात्मक एवं नकारात्मक दोनों पहलुओं को समझने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने की सीख दी।
यह प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और संवाद कौशल को बढ़ाने वाली रही, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग बनाने में सफल रही। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी आयोजकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को बधाई दी।