
लुधियाना, फरवरी, 2026: गैस सप्लाई रुकने का डर, वह भी किसी लापरवाही के चलते हर परिवार के लिए चिंता का कारण बन जाता है। ऐसी स्थिति में समय पर और सुरक्षित समाधान ही लोगों को राहत देता है। दरअसल, लुधियाना के कोहारा इलाके में जंडियाली गाँव के पास बिना सूचना के चल रहे खुदाई कार्य के दौरान थिंक गैस की सिटी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही थिंक गैस की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुँची, प्रभावित हिस्से को तुरंत अलग किया और कुछ ही समय में गैस सप्लाई बहाल कर दी। इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ किसी बड़े हादसे को टाला गया, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा भी नहीं हुई।
थिंक गैस ने लुधियाना जिले में घरों के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और वाहनों के लिए सीएनजी सप्लाई के लिए मजबूत और सुरक्षित पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया है। पाइपलाइन के पूरे रूट पर रूट मार्कर, चेतावनी बोर्ड और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर स्पष्ट रूप से लगाए गए हैं। इसके बावजूद, संबंधित ठेकेदार ने खुदाई शुरू करने से पहले न तो थिंक गैस को सूचना दी और न ही घटना के बाद कोई रिपोर्ट सौंपी।
सरकारी नियमों के अनुसार, किसी भी तरह की खुदाई से पहले ‘डायल बिफोर यू डिग’ के तहत सिटी गैस कंपनी को जानकारी देना अनिवार्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए थिंक गैस ने जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
थिंक गैस सभी ठेकेदारों, एजेंसियों और आम नागरिकों से अपील करती है कि सुरक्षा से कोई समझौता न करें। खुदाई से पहले टोल-फ्री नंबर 1800 2022 999 पर कॉल कर जानकारी जरूर लें, क्योंकि आपकी सतर्कता, सबकी सुरक्षा है।