दिल्ली: सराफा बाजार में पिछले कुछ दिनों से जारी तेजी के तूफान पर आज सुबह ब्रेक लग गया है। कल तक आसमान छू रही सोने और चांदी की कीमतों ने आज कारोबार खुलते ही गोता लगा दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर जैसे ही आज सुबह की घंटी बजी, कीमती धातुओं के भाव ‘लाल निशान’ के साथ नीचे की ओर लुढ़कते नजर आए। जो लोग कल की महंगाई देखकर खरीदारी से पीछे हट गए थे, उनके लिए आज की सुस्ती थोड़ी राहत लेकर आई है। बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों के भीतर सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल के वायदा कारोबार में सोना करीब ₹895 सस्ता होकर ₹1,57,860 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कल की भारी बढ़त के बाद मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते पीली धातु की रफ्तार आज कुछ धीमी पड़ी है।सोने की तरह चांदी की चमक भी आज कुछ फीकी नजर आ रही है। मार्च वायदा में चांदी की कीमतों में ₹2,333 से ज्यादा की गिरावट देखी गई, जिससे इसका भाव ₹2,60,685 प्रति किलो के आसपास आ गया है। चांदी की कीमतों में करीब 1% की यह कमी उन निवेशकों के लिए मायने रखती है जो बाजार में छोटे उतार-चढ़ाव पर नजर रखते हैं।