दिल्ली: मजबूत वैश्विक रुख के कारण राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 850 रुपए बढ़कर 1,59,500 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी 2.64 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रही। बाजार सूत्रों ने यह जानकारी दी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत बृहस्पतिवार को 1,58,650 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर बंद हुई थी। हालांकि, शुक्रवार को चांदी की कीमतें 2,64,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रहीं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 30.83 डॉलर यानी 0.62 प्रतिशत बढ़कर 5,027.13 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 2.55 प्रतिशत बढ़कर 80.5 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। कोटक सिक्योरिटीज के जिंस शोध विभाग में सहायक उपाध्यक्ष कायनात चेनवाला ने कहा, ”सोना 5,020 डॉलर प्रति औंस से ऊपर पहुंच गया जबकि संभावित अमेरिका-ईरान संघर्ष पर बढ़ती चिंताओं के कारण चांदी भी 81 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई है।” उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत खपत खर्च से जुड़ी मुद्रास्फीति, चौथी तिमाही का जीडीपी और फ्लैश पीएमआई आंकड़ों सहित प्रमुख आर्थिक घोषणा से पहले निवेशक सतर्क रहे।