
नई दिल्ली :मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं. इसी बीच एयर इंडिया ने घोषणा की है कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, इजरायल और कतर आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनटतक पूरी तरह निलंबित रहेंगी. एयर इंडिया ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर के जरिए जरूर चेक कर लें. स्थिति की समीक्षा करने के बाद ही इन सेवाओं को दोबारा शुरू करने पर विचार किया जाएगा.
मिली जानकारी के अनुसार ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य टकराव और हाल ही में हुए मिसाइल हमलों के बाद पूरे मिडिल ईस्ट का हवाई क्षेत्र असुरक्षित हो गया है. कई देशों ने एहतियातन अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं. यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एयर इंडिया ने इन रूटों पर परिचालन निलंबित करने का निर्णय लिया है.