चंडीगढ़, 21 मार्च
पंजाब की विभिन्न किसान संगठनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित एक विस्तृत मांग पत्र प्रस्तुत किया। इस प्रतिनिधिमंडल में श्री हरमीत सिंह कादियां (बीकेयू कादियां), श्री फुरमान सिंह संधू (बीकेयू पंजाब), श्री जंगवीर सिंह चौहान (दोआबा किसान कमेटी पंजाब), श्री बलविंदर सिंह मल्ल्ही नंगल (दोआबा किसान संघर्ष कमेटी), श्री बलविंदर सिंह राजू औलख (माझा किसान संघर्ष कमेटी), श्री मलूक सिंह हीरके (बीकेयू मालवा हीरके) और श्री कुलदीप सिंह बलजीदपुर (दोआबा किसान यूनियन पंजाब) शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने अपने मांग पत्र में पंजाब के नदी जल विवाद का समाधान रिपेरियन सिद्धांत के आधार पर करने, किसानों को कर्ज से मुक्त करने, फसलों के लिए एमएसपी और भाव अंतर योजना लागू करने, किसान आयोग और जनरल कैटेगरी आयोग के गठन जैसी प्रमुख मांगें रखीं।

इसके अलावा, पंजाब में नौकरियों में पंजाबियों को प्राथमिकता देने, गन्ने का बकाया समय पर चुकाने, नशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नकली दूध की जांच के लिए मोबाइल प्रयोगशालाएं शुरू करने की भी मांग की गई।

किसान नेताओं ने भाजपा से अपील की कि आने वाले चुनाव घोषणा पत्र में इन मांगों को शामिल किया जाए और पंजाब के मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रतिनिधिमंडल को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि किसानों की जायज मांगों को पार्टी मंच पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।