Sliderपंजाब

किसानों को 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दे मान सरकार – अश्वनी

चंडीगढ़, 9 अप्रैल

पंजाब में बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं के कारण हुए नुकसान का भगवंत मान सरकार 50,000-50,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा तुरंत किसानों को अदा करे। यह शब्द भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के हैं।

चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय से जारी बयान में अश्वनी ने कहा, “पंजाब सरकार के अपने आंकड़ों के अनुसार राज्य में 1.30 लाख एकड़ फसल का नुकसान हुआ है। यदि सही तरीके से गिरदावरी की जाए तो यह रकबा और बढ़ सकता है।”

शर्मा ने कहा कि 2025 के दौरान आई बाढ़ों ने जिस तरह धान की फसल को तबाह किया, उससे किसान अभी उबरे भी नहीं थे कि एक नया संकट सामने खड़ा हो गया। न खरीफ की फसल हाथ लगी, न रबी की। यह खेती के लिए बहुत कठिन समय है। किसान संगठन भी लगातार मुआवजे की मांग कर रहे हैं, जिस पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि किसान पहले ही कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। लगातार फसलों के नुकसान का सिलसिला उनकी आर्थिक स्थिति को और बदतर बना रहा है, इसलिए इस समय किसानों को सहारा देना सबसे बड़ी जरूरत है।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार ने बहुत ही आसान तरीका अपना रखा है कि जब भी किसानों पर कोई आपदा आती है, तो जिम्मेदारी से बचने के लिए केंद्र को पत्र लिख दिए जाते हैं। लेकिन केंद्र से आने वाले फंड का उपयोग विज्ञापन, होर्डिंग और आत्म-प्रचार पर किया जाता है।

Related Articles

Back to top button