जालंधर, 10 अप्रैल : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने आज स्कूल खेलों को उचित ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रिंसिपलों और शिक्षकों का सम्मान करते हुए पंजाब सरकार की खेलों को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दोहराया।

यहां ला ब्लासम स्कूल में जिला टूर्नामेंट कमेटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के दौरान संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य को रंगला पंजाब बनाने के लिए राज्य में खेल संस्कृति को और अधिक प्रफुल्लित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य को खेल क्षेत्र में भी अग्रणी बनाने के लिए खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने खेलों के लिए 1790 करोड़ रुपये का बजट रखा है। इस अवसर पर ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा भी मौजूद रही।

श्री भगत ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क, खेल भावना और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते है, जो जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।

कैबिनेट मंत्री ने जिला टूर्नामेंट कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कमेटी के पदाधिकारियों से कहा कि वह खेलों में पंजाब का नाम विश्व स्तर पर चमकाने के लिए और अधिक मेहनत से काम करें।

विशेष मेहमान राजिंदर कौर थियाड़ा ने सम्मानित हस्तियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने शिक्षा और खेल क्षेत्र में सुधार के लिए लगातार कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे है।

समारोह के दौरान लगभग 100 खेल हस्तियों को जिला स्तर पर खेलों में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें हरमेश लाल घेड़ा (स्टेट अवॉर्डी), डा. जतिंदर साबी, प्रिंसीपल जतिंदर कुमार, प्रिंसीपल सुखदेव लाल बब्बर, प्रिंसीपल भूपिंदर पाल सिंह, प्रिंसीपल परमिंदर फ्लोरा, प्रिंसीपल दिनेश कुमार के अलावा अन्य प्रिंसीपल और मुख्य शिक्षक शामिल है।

इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी (सै.सि.) और जिला टूर्नामेंट कमेटी की प्रधान डा. गुरिंदरजीत कौर (नेशनल अवॉर्डी) तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी (सै.सि.) राजीव जोशी (स्टेट अवॉर्डी) ने मुख्य मेहमान, विशेष मेहमान और अन्य मेहमानों का स्वागत किया।

अंत में डी.टी.सी. जलंधर के जनरल सचिव स्टेट अवॉर्डी बलजीत सिंह ढिल्लों ने मुख्य मेहमान तथा सभी प्रिंसिपलों और शिक्षकों का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर जिला स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर-कम-डी.एम. स्पोर्ट्स अमन कौंडल, अंतरराष्ट्रीय जूडो कोच लेक्चरर सुरिंदर कुमार, जिले के विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, मुख्य शिक्षक और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक भी मौजूद थे।