जालंधर : नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मन्नत हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी होम, हरबंस नगर, जालंधर में एक विशाल नि:शुल्क मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस जनसेवा शिविर का आयोजन नीमा महिला मंच, जालंधर द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से भगवान धन्वंतरि के पूजन के उपरांत श्रद्धा एवं आस्था के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों ने समाज के उत्तम स्वास्थ्य एवं निरोगी जीवन की कामना करते हुए पूर्ण सेवा भावना एवं समर्पण के साथ शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक किया गया, जिसमें सैकड़ों मरीजों ने लाभ उठाया। इस दौरान मरीजों को विभिन्न आवश्यक जांचों एवं विशेष परामर्श की सेवाएं पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई। शिविर में ईसीजी के माध्यम से हृदय जांच, शुगर जांच, स्त्री रोग विशेषज्ञ परामर्श तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधाएं प्रदान की गई, साथ ही जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की गईं।
विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए गर्भाशय संबंधी कैंसर की प्रारंभिक पहचान हेतु नि:शुल्क पैप स्मीयर जांच की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध कराई गई, जिससे वे गंभीर बीमारी के खतरे से बचाव की दिशा में जागरूक और सतर्क हो सकें।
कैंप के दौरान डॉ. गुरमीत सिंह ने मरीजों की जांच करते हुए बी.पी., शुगर व हृदय रोग से पीड़ित लोगों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उनकी बीमारी के अनुरूप उचित परामर्श देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित जांच करवाने और समय पर उपचार लेने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर नीमा महिला मंच जालंधर की अध्यक्ष एवं मन्नत हॉस्पिटल की प्रबंध निदेशक डॉ. रीना कक्कड़ ने कहा कि नीमा का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर न केवल लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि कई गंभीर एवं छिपी बीमारियों की समय रहते पहचान कर जीवन बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर नीमा महिला मंच जालंधर की महासचिव डॉ. वनीता गोयल ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नीमा महिला मंच भविष्य में भी ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
इस मौके पर नीमा के पंजाब के अध्यक्ष डॉ. रविंदर बजाज, नीमा पंजाब के महासचिव डॉ. अनिल नागरथ, नीमा केंद्रीय परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. विशाल भनोट, नीमा जिला अध्यक्ष डॉ. एस.पी. डलिया, डॉ. वरुण अग्रवाल, नीमा महिला मंच की महासचिव डॉ. वनीता गोस्वामी, डॉ. रीना मल्होत्रा, डॉ. सुनीता नागरथ, डॉ. सुनीता यादव, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गुरमीत सिंह, डॉ. दिनेश जांगी, डॉ. आयुष, डॉ. निर्मल सहगल सहित कई गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. रीना कक्कड़ ने सभी सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।