लुधियाना: पंजाब की सियासत से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ED के रडार पर आ गए हैं। शुक्रवार सुबह होते ही ईडी की टीमों ने मंत्री संजीव अरोड़ा के लुधियाना स्थित आवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के मुताबिक, सुबह तड़के ही ईडी के अधिकारी लुधियाना पहुंचे और संजीव अरोड़ा की कोठी को चारों तरफ से घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आवास के बाहर भारी संख्या में केंद्रीय पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है, ताकि जांच के दौरान किसी भी तरह का बाहरी हस्तक्षेप न हो सके। सूत्रों का कहना है कि यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक पुराने मामले और जमीन के सौदों में हुई कथित अनियमितताओं के सिलसिले में की जा रही है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीमें घर के अंदर दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही हैं हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से इस रेड को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि या विवरण साझा नहीं किया गया है, लेकिन चर्चा है कि आने वाले घंटों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।