
दिल्ली: अप्रैल महीनें में दो हिस्सों में भारत का मौसम बंटा हुआ दिखाई दे रहा, एक तरफ भयंकर गर्मी दूसरी तरफ भारी बारिश, भीषण गर्मी के बीच 10 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दरअसल, देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों काफी अलग-अलग नजर आ रहा है। एक तरफ जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, वहीं साउथ और पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश से लोगों का जीवन बेहाल हो रखा है। IMD के अनुसार हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में लू का असर देखने को मिल रहा है। इन क्षेत्रों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 23 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 24 से 26 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऊना में तापमान 38.4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि शिमला, सोलन और भुंतर में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की गई। 24 अप्रैल के बाद राज्य में मौसम बदलने की संभावना है, जहां कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार हैं।