चंडीगढ़, 6 मई 2026:

“न घूंसा मारता है, न लात मारता है — रब जब भी मारता है, मति ही मारता है।” भगवंत मान जी, लगता है आपकी मानसिक हालत ठीक नहीं रही। आपको इस्तीफा देकर अपना सही इलाज करवाना चाहिए,” यह कहना है भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का, जो पंजाब में हो रहे बम धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे थे।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और इसकी सुरक्षा, अमन-शांति और भाईचारा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन मान सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए भाजपा पर कीचड़ उछालना घटिया और गैर-जिम्मेदाराना राजनीति है।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान पंजाब की जनता गोलियों, बम धमाकों, हत्याओं और लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों का संताप झेल रही है, जो आम आदमी पार्टी सरकार की निकम्मी कानून-व्यवस्था की सीधी निशानी है।

अश्वनी शर्मा ने दोहराया कि भाजपा के लिए पंजाब की अमन-शांति, सुरक्षा और भाईचारा सबसे पहले है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा पंजाब और पंजाबियों के साथ खड़ी रही है और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी।