चंडीगढ़, 9 मई:
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि अपनी सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों से ध्यान भटकाने के लिए वे देश के महान राष्ट्रभक्तों और देशभक्त संगठनों का अपमान कर रहे हैं।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सत्ता के नशे में चूर भगवंत मान इतने नीचे गिर चुके हैं कि वे विनायक दामोदर सावरकर जैसे महान राष्ट्रभक्तों और राष्ट्रवादी संगठनों के खिलाफ घटिया बयानबाजी कर रहे हैं, ताकि अपनी भ्रष्ट सरकार और दागी मंत्रियों को बचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि भागात सिंह के पवित्र नाम की आड़ लेकर अपने मंत्रियों के घोटालों और काले कारनामों को सही ठहराना शहीदों के बलिदान का अपमान है। “हमारे शहीदों ने देश की आन, बान और शान के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए थे, न कि तथाकथित ‘कट्टर ईमानदारी’ के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार को बचाने के लिए,” शर्मा ने कहा।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब का बच्चा-बच्चा जानता है कि जब भी आम आदमी पार्टी का कोई मंत्री ईडी या जांच एजेंसियों के शिकंजे में फंसता है, तब आम आदमी पार्टी के नेता जनता को गुमराह करने के लिए इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करना शुरू कर देते हैं।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि वीर सावरकर और देशभक्तों का अपमान न पंजाब सहन करेगा और न ही पूरा देश। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से तुरंत अपने शर्मनाक बयान पर माफी मांगने की मांग की।

उन्होंने कहा, “पंजाब को भाषणों और ध्यान भटकाने वाली राजनीति की नहीं, बल्कि जवाबदेही और पारदर्शी शासन की जरूरत है। यदि आम आदमी पार्टी के मंत्री ईमानदार हैं, तो उन्हें जांच एजेंसियों और कानून का सामना करना चाहिए, न कि जांच से भागना चाहिए।”