
हरियाणा : पंचकूला में भाजपा पार्षद के देवर रतन लुबाना पर गत देर रात हुई फायरिंग के मामले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ घंटे बाद ही एनकाउंटर के दौरान 2 आरोपी शूटरों को काबू किया है। इनकी पहचान लुधियाना के रहने वाले जसविंदर और होशियारपुर के रहने वाले हरप्रीत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये दोनों आरोपी गोल्डी बराड़ व रोहित गोदारा गैंग के शूटर हैं।गौरतलब है कि बुधवार देर रात पंचकूला के सेक्टर-5 में रतन लुबाना पर 2 युवकों द्वारा फायरिंग की गई। इस घटना के बाद रतन लुबाना को फोन आया था जो कि उनके परिवार के सदस्य ने उठाया था। फोन करने वाले ने बताया कि वह गैंगस्टर रोहित गोदारा बोल रहा है और उनसे रतन लुबाना को जान से मारने की धमकी भी दी। परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी रतन लुबाना से फिरौती की मांग की गई थी। गौतरलब है कि रतन लुबाना के भाई नरेंद्र लुबाना भी पार्षद रह चुके हैं और वह BJP के युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हैं।