
चंडीगढ़, 27 जून
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जीत लाल भट्टी के भाजपा में शामिल होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि भाजपा में लोगों का विश्वास दिन-प्रतिदिन मजबूत हो रहा है और पंजाब के लोग अब भाजपा को एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
ढिल्लों ने बताया कि शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की 187वीं बरसी के अवसर पर भाजपा की ओर से पंजाब की 117 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक हलके में 3 से 4 छबीलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह ने जात-पात से ऊपर उठकर सर्वसमावेशी, न्यायपूर्ण और जन-केंद्रित शासन की मिसाल कायम की थी। भाजपा का संकल्प है कि 2027 में पंजाब में उसी सुशासन, विकास और भाईचारे वाले वातावरण को पुनः स्थापित किया जाए।
हज़ूर साहिब एक्ट के बारे में बोलते हुए ढिल्लों ने कहा कि सिख संगत की चिंताओं को देखते हुए उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से तुरंत बातचीत की। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने सिख भावनाओं का पूरा सम्मान करने का भरोसा दिया है और इस मुद्दे पर एक समिति बनाकर प्रस्तावित एक्ट की दोबारा समीक्षा की जाएगी। ढिल्लों ने महाराष्ट्र सरकार और वरिष्ठ मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का धन्यवाद किया।
पंजाब की वित्तीय स्थिति पर चिंता जताते हुए ढिल्लों ने कहा कि पंजाब सरकार कर्ज के बोझ तले लगातार दबती जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अप्रैल से जून तक लगभग ₹7,800 करोड़ का नया कर्ज लिया गया है, जिससे राज्य का कुल कर्ज लगभग ₹4.5 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बेलगाम कर्ज पंजाब के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।