
जम्मू: भक्तों का इंतजार खत्म हुआ। पवित्र अमरनाथ यात्रा आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज जम्मू के भगवती नगर बेस कैम्प से लगभग 4822 शिव भक्तों के पहले जत्थे को झंडी दिखा रवाना किया। पूजा-अर्चना के बाद पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच वाहनों के पहले जत्थे को कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया।उप-राज्यपाल ने पवित्र तीर्थयात्रा पर जाने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सकुशल यात्रा के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा एक पवित्र मार्ग है, जहां भक्ति और आध्यात्मिक जागृति का मिलन होता है। सभी भक्तों के लिए सुरक्षित, आरामदायक, सुखद और आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक यात्रा की कामना करता हूं। यह पवित्र तीर्थयात्रा सभी के लिए अपार खुशी और दिव्य शांति लाए। जम्मू-कश्मीर यू.टी. प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सुरक्षा बलों, स्थानीय लोगों और सभी हितधारकों ने देश-विदेश से आने वाले भक्तों के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।