जालंधर, 11 जुलाई। रोटरी क्लब ऑफ जालंधर की नई कार्यकारिणी के लिए पारंपरिक आशीर्वाद बैठक स्थानीय होटल में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की साध्वी बहनों ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों एवं मधुर भजनों के माध्यम से उपस्थित रोटेरियनों को आध्यात्मिक संदेश दिया तथा नई टीम को आशीर्वाद देते हुए शुभकामनाएं प्रदान कीं।

उल्लेखनीय है कि रोटरी का प्रत्येक नया सत्र 1 जुलाई से प्रारंभ होता है। इसी परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष नई कार्यकारिणी द्वारा कार्यभार संभालने के बाद आशीर्वाद बैठक का आयोजन किया जाता है, जिसके पश्चात वर्षभर की नियमित सेवा गतिविधियों एवं बैठकों का शुभारंभ होता है। यह परंपरा कई वर्षों से निरंतर निभाई जा रही है।

दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संस्थापक गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी गरिमा भारती जी ने अपने आध्यात्मिक प्रवचनों में कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक शक्ति उसके पदों में नहीं, बल्कि उसके सदस्यों की निस्वार्थ सेवा, समर्पण, सकारात्मक सोच और आपसी एकता में निहित होती है। उन्होंने कहा कि जब सेवा कार्य ईश्वर के प्रति समर्पण की भावना से किए जाते हैं, तब वे केवल सामाजिक उत्तरदायित्व नहीं रहते, बल्कि मानवता के कल्याण का माध्यम बन जाते हैं। उन्होंने नई कार्यकारिणी से आह्वान किया कि वह सेवा, संस्कार और सद्भावना के मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने। इस अवसर पर उनके साथ साध्वी किरण भारती, साध्वी पूर्णिमा भारती, साध्वी जगदीशा भारती, साध्वी भगवती भारती, साध्वी सर्वेशा भारती, साध्वी रेणु भारती, साध्वी पल्लवी भारती तथा स्वामी सज्जनानंद जी भी उपस्थित रहे।

क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन महेश गुप्ता ने अपने संबोधन में सभी वरिष्ठ रोटेरियनों एवं क्लब सदस्यों का उन पर तथा उनकी टीम पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नई टीम समाज सेवा, मानव कल्याण एवं रोटरी के आदर्शों के प्रति क्लब की गौरवशाली परंपराओं को कायम रखते हुए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

कार्यक्रम में रोटेरियन पीडीजी एस. बी. हंस, रोटेरियन पीडीजी सुरेंद्र सेठ, रोटेरियन पीडीजी मनमोहन सिंह सचदेवा, रोटेरियन पीडीजी पवन गुप्ता, रोटेरियन पीडीजी बृजेश सिंगल, रोटेरियन सुभाष सोढ़ी, रोटेरियन के. सी. गुप्ता, रोटेरियन बृज गुप्ता, रोटेरियन एस. के. बंसल, रोटेरियन प्रभपाल पन्नू, रोटेरियन सुखविंदर सिंह, रोटेरियन इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट धन्या नायर, रोटेरियन नितेश गोयल, रोटेरियन सुमित गोयल, रोटेरियन दीपक बाल, रोटेरियन डॉ. सुकांत वर्मा, रोटेरियन डॉ. विजय ओबरॉय, रोटेरियन चेतन बख्शी (कोषाध्यक्ष) सहित क्लब के सभी रोटेरियन एवं सदस्य उपस्थित रहे।