जालांधर: जालंधर के चौगिट्टी फ्लाईओवर के नजदीक एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर खड़ी एक कार के कारण बजरी से भरा टिप्पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टिप्पर चालक घायल हो गया, जबकि सड़क पर बजरी फैल जाने से करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोगों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर खड़ी थी। कार को साइड में लगाने के लिए कहा गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं हटाया। इसी दौरान पीछे से आ रहा बजरी से लदा टिप्पर कार को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पोल से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, मौजूद लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया। बताया जा रहा है कि कार में चार लोग सवार थे।