
जालंधर: इंप्रूवमेंट ट्रस्ट जालंधर के चेयरमैन सरदार रमणीक सिंह रंधावा और जालंधर के मेयर वनीत धीर द्वारा इंप्रूवमेंट ट्रस्ट जालंधर में लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर का जालंधर पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उनका सम्मान भी किया गया।
इस मौके पर मेयर जालंधर वनीत धीर ने कहा कि पंजाब के विभिन्न शहरों के विकास, साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और जनहितैषी नीतियों को बेहतर बनाने के लिए आपसी तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जालंधर और लुधियाना दोनों पंजाब के महत्वपूर्ण शहर हैं और दोनों शहरों के अनुभवों से सीखते हुए विकास कार्यों को और गति दी जा सकती है।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शहरों के विकास को नई दिशा देने और लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के लिए स्थानीय निकायों को मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट जालंधर के चेयरमैन सरदार रमणीक सिंह रंधावा ने कहा कि लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर का जालंधर आना हमारे लिए खुशी और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि पंजाब के शहरों के विकास के लिए आपसी सहयोग और अनुभवों का आदान-प्रदान बहुत महत्वपूर्ण है। जालंधर और लुधियाना नगर निगमों के बीच बेहतर तालमेल से शहरी विकास को और मजबूती मिलेगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।
सरदार रमणीक सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार की अगुवाई में शहरों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना सरकार और स्थानीय निकायों की मुख्य प्राथमिकता है।
इस अवसर पर पंजाब महिला विंग की उपाध्यक्ष एडवोकेट सिमरनजीत कौर रंधावा, गुरप्रीत कौर, दोआबा जोन इंचार्ज, महिला विंग से कृष्णा ग्रेवाल, जालंधर जिला महिला विंग की अध्यक्ष शोभा भगत सहित अन्य पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।