
बरनाला: : बरनाला में बुधवार को सफाई कर्मचारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज का मामला अब पूरे पंजाब में तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में वीरवार शाम जालंधर के श्री राम चौक में पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया और सरकार का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।प्रदर्शन की अगुवाई पंजाब सफाई मजदूर कमीशन के अध्यक्ष चंदन ग्रेवाल ने की। उन्होंने बरनाला में महिलाओं, बुजुर्गों और सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे कर्मचारी वर्ग को आहत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को घटना के तुरंत बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।चंदन ग्रेवाल ने कहा कि संयुक्त कर्मचारी संगठनों के साथ हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि यदि रविवार तक लाठीचार्ज के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो सोमवार से पूरे पंजाब में सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारी अब अन्याय सहने के लिए तैयार नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर राज्यव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।