
चंडीगढ़, 24 जुलाई:
बरनाला में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान कथित पुलिस बल प्रयोग के मामले में पंजाब सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए डीएसपी सतबीर सिंह बैंस को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (एनसीएसके) के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल द्वारा मामले का स्वतः संज्ञान लेने तथा पंजाब सरकार से सात दिनों के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हरदीप सिंह गिल ने पंजाब के मुख्य सचिव को भेजे पत्र में कहा था कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
आयोग ने मुख्य सचिव को पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त कर सात दिनों के भीतर आयोग को भेजने तथा संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने के निर्देश दिए थे।
हरदीप सिंह गिल ने कहा कि ऐसे मामलों का समाधान बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और संवाद के माध्यम से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग इस पूरे मामले की लगातार निगरानी करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि न्याय तथा पारदर्शिता के सिद्धांतों के अनुरूप कार्रवाई हो।