Sliderपंजाब

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, नूरमहल में मचेगी श्री कृष्ण जन्मोत्सव की धूम

नूरमहल (पंजाब): दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) के तत्वावधान में नूरमहल आश्रम में आगामी 4 सितंबर 2026 को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव अत्यंत भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए स्वामी विश्वानन्द जी ने बताया कि संस्थान के संस्थापक एवं संचालक दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की असीम कृपा से उनके शिष्यों व साध्वी शिष्याओं द्वारा मंच के माध्यम से इस भव्य कार्यक्रम का सुंदर प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।
स्वामी जी ने आगे बताया कि भगवान श्री कृष्ण की अलौकिक लीलाओं में निहित गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को सुमधुर भजन संकीर्तन और ज्ञानवर्धक प्रवचनों के माध्यम से संगत के समक्ष उजागर किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को किस दिव्य ज्ञान के बारे में बताया, भगवान श्री कृष्ण की रास लीला का वास्तविक अर्थ क्या होगा, उन्होंने गाय को अपने साथ क्यों रखा, उनके हाथों में सजी मुरली का क्या अर्थ है, इत्यादि अनगिनत गूढ़ रहस्य भी इन विशेष प्रवचनों के माध्यम से उद्घाटित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत भगवान श्री कृष्ण के पावन अवतरण को जीवंत करती हुई एक आकर्षक और मनमोहक झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी, साथ ही उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित सुमधुर भजन संकीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। यह भव्य आयोजन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक सत्संग आश्रम, नकोदर रोड, नूरमहल (पंजाब) में संपन्न होगा, जिसका विसर्जन भगवान श्री कृष्ण की मंगलमय आरती के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम के पश्चात् सभी भक्तों के लिए लंगर प्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस विशेष आयोजन को लेकर आसपास के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है, हजारों की संख्या में भक्तगण इस पावन अनुष्ठान में सम्मिलित होकर श्री कृष्ण भक्ति का लाभ प्राप्त करेंगे। संस्थान की ओर से सभी धर्म प्रेमी बंधुओं से सपरिवार इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होने की विनम्र अपील की जाती है।

जारीकर्ता:
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान
नूरमहल (पंजाब)

Related Articles

Back to top button