Sliderपंजाब

डा. राजन आई केयर में 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान जागरूकता पखवाड़े का हुआ समापन

फगवाड़ा 8 सितंबर (शिव कौड़ा) 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान जागरूकता पखवाड़े के समापन अवसर पर डॉ. राजन आई केयर अस्पताल फगवाड़ा में नेत्रदानी परिवारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने नेत्रदानी परिवारों की सेवा को नमन करते हुए कहा कि नेत्रदान महादान है, जिससे दो नेत्रहीन व्यक्तियों के अंधकारमय जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने डॉ. राजन आई केयर अस्पताल में आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग देने का भरोसा देते हुए कहा कि इससे फगवाड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों में पुतली संबंधी बीमारियों से पीडि़त मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। मिशन ‘अंधेरे से उजाले की ओर’ के अंतरराष्ट्रीय समन्वयक अशोक मेहरा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि फगवाड़ा शहर हमेशा से ही समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान की मुहिम को और तेज करने के लिए फगवाड़ा की ओर से पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अशोक मेहरा ने बताया कि उनकी टीम द्वारा सेवा समन्वयकों के सहयोग से अब तक पंजाब में एक लाख से अधिक लोगों के प्रण-पत्र भरवाए जा चुके हैं तथा हजारों लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज भी भारत में लगभग 11 लाख पुतली संबंधी रोगों से पीडि़त मरीज उपचार की प्रतीक्षा कर रहे हैं और इनका उपचार दान में प्राप्त नेत्रों के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने बताया कि डॉ. राजन के नेतृत्व में फगवाड़ा में पहला आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित करने के लिए जल्द मुहिम शुरू की जाएगी। इस दौरान अस्पताल के एम.डी. डॉ. एस. राजन ने बताया कि एन.आर.आई. समुदाय तथा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से उनके द्वारा अब तक सैकड़ों नेत्र जांच शिविर लगाए जा चुके हैं और हजारों जरूरतमंद मरीजों के नि:शुल्क ऑपरेशन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जल्द आई बैंक स्थापित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे तथा दान में प्राप्त नेत्रों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के कॉर्नियल ट्रांसप्लांट का उपचार भी शुरू किया जाएगा। डॉ. राजन ने कहा कि भारत में नेत्रदान के संबंध में जागरूकता की अभी भी बहुत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उनके अस्पताल द्वारा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पिछले कई वर्षों से लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस 41वें नेत्रदान जागरूकता पखवाड़े के दौरान डा. राजन आई केयर अस्पताल की ओर से अशोक मेहरा के नेतृत्व में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लड़कियां, फगवाड़ा में ‘नेत्रदान—महादान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को डॉ. राजन अस्पताल की ओर से ट्रॉफियां एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार हिना को 3,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार पलक को 2,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार प्रिया कुमारी एवं मन्नत को संयुक्त रूप से 1,000 रुपये दिया गया। प्रसिद्ध समाजसेवी एवं ब्लड बैंक के अध्यक्ष मलकीयत सिंह रघबोत्रा ने नेत्रदानी परिवारों का धन्यवाद करते हुए लोगों को नेत्रदान करने का प्रण लेने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button