

दिल्ली: सरकार ने 16 अक्टूबर से पेट्रोल और डीजल के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स की दरों में बदलाव किया है। नए फैसले के तहत डीजल के निर्यात पर शुल्क 16 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 8.50 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं, पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाला शुल्क 0.50 रुपए से बढ़ाकर 2.50 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है। विमान ईंधन के निर्यात पर शुल्क 10.50 रुपए प्रति लीटर पर बरकरार रखा गया है।सरकार के इस फैसले का घरेलू बाजार में बिकने वाले पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। निर्यात शुल्क में बदलाव विदेशों में बेचे जाने वाले ईंधन पर लागू होगा। ऐसे में फिलहाल वाहन चालकों को इस फैसले के कारण पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है।हालांकि, भविष्य में ईंधन की कीमतों में बदलाव तेल कंपनियों के फैसलों और अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर बताई गई हैं।



