

नई दिल्ली: दिल्ली में नामी ब्रांड्स के नाम पर नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में खपाने के कथित कारोबार का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने घोंडा और नांगलोई में छापेमारी कर नकली ENO और FeviKwik बनाने व पैक करने वाली इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान लाखों नकली पाउच, पैकेजिंग सामग्री और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गईं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, 17 और 18 अक्टूबर को घोंडा के दो गोदामों और नांगलोई के अमन पुरी स्थित एक अवैध निर्माण एवं पैकेजिंग यूनिट पर छापेमारी की गई। इस दौरान 1,97,856 पैक ENO पाउच बरामद किए गए। इसके अलावा 310 किलोग्राम से अधिक खुले पाउच मिले, जिनकी संख्या करीब चार लाख बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान 1,12,560 नकली FeviKwik पाउच भी जब्त किए गए। पुलिस को बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री मिली, जिसका इस्तेमाल लाखों यूनिट तैयार करने में किया जा सकता था। इसके साथ ही MDH मसाले की पैकिंग से जुड़ी सामग्री भी बरामद हुई है।



