

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ ही प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 225 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रैप-1 के तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अब पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर अंतरराज्यीय बसों की निगरानी करेगी। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच WhatsApp ग्रुप बनाया जाएगा, ताकि नियमों के उल्लंघन की सूचना तुरंत साझा की जा सके। तय मानकों का पालन नहीं करने वाली बसों को दिल्ली की सीमा पर ही रोककर दूसरे रास्तों पर भेजा जाएगा।ठंड की आहट के साथ दिल्ली में प्रदूषण का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार सुबह शहर के कई हिस्सों में धुंध की हल्की चादर देखने को मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ‘समीर’ ऐप के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत AQI 225 रहा। शहर के 38 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’, जबकि 18 केंद्रों पर ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। पालम में 18.3 डिग्री, लोधी रोड में 18.6 डिग्री, आयानगर में 19.1 डिग्री और रिज क्षेत्र में 19.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



