Sliderपंजाब

अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की तैयारी तेज

दिल्ली; भगवान राम की नगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं और सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव के लिए घाटों की साफ-सफाई के बाद दीप सजाने के लिए निशान लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपों की सजावट के लिए 30 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 33 लाख दीप मंगाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें लाने और सजावट के दौरान टूटने वाले दीपों की कमी न हो।उन्होंने बताया कि दीपोत्सव की तैयारियों के तहत शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे सरयू तट के घाट संख्या 10 पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया जाएगा और यह अनुष्ठान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर बिजेंद्र सिंह की मौजूदगी में होगा। अधिकारियों ने बताया कि इस बार विस्तारित राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित कुल 56 घाटों पर दीप सजाये जायेंगे जबकि पिछले वर्षों में 55 घाटों पर दीपोत्सव आयोजित होता था। उन्होंने बताया कि दीपों को व्यवस्थित और आकर्षक ढंग से सजाने के लिए चार वर्ग फुट के ब्लॉक बनाए जा रहे हैं और मार्किंग का काम अगले तीन से चार दिन में पूरा करने का लक्ष्य है। अधिकारियों ने बताया कि दीप सज्जा और प्रज्ज्वलन के लिए अवध विश्वविद्यालय करीब 35 हजार स्वयंसेवक तैनात करेगा।

Related Articles

Back to top button