

होशियारपुर, 16 नवंबर:
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने होशियारपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं। अब चुप बैठने का समय नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पंजाब के हकों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य पंजाब को फिर देश का मजबूत ब्रांड बनाना है। उन्हें पूरा विश्वास है कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से कांग्रेस न केवल सरकार बनाएगी, बल्कि उसे बेहतर ढंग से चलाएगी भी।
आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए परगट सिंह ने कहा कि पीली पगड़ी पहन लेने से कोई भगत सिंह नहीं बन जाता। दिल्ली से आए अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे नेताओं ने साम, दाम, दंड और भेद की राजनीति से पंजाब को कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे की सप्लाई घर-घर तक पहुंच रही है, जबकि भाजपा 13 साल केंद्र में सत्ता में रहने के बावजूद नशा खत्म नहीं कर पाई और अब दो साल में इसे समाप्त करने के दावे कर रही है। अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल पर निशाना साधते हुए उन्होंने 750 किसानों की शहादत के समय अकाली दल की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में 25 से 30 प्रतिशत धान अभी पड़ा है और 180 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ। किसानों के साथ 3,500 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए उन्होंने आप और भाजपा की मिलीभगत की बात कही।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के कई अधिकारी सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं और फिरौती मांगने की घटनाओं ने पंजाब की छवि खराब की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर करीब पौने पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ चुका है और आम कारोबारी व दुकानदार भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताते हुए उन्होंने कहा कि उद्योगों को कुशल श्रमिक नहीं मिल रहे, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। इस खाई को दूर करने के लिए शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान देना होगा।
पार्टी में दूसरी पार्टियों के नेताओं की एंट्री पर उन्होंने कहा कि किसी का अहंकार पंजाब और कांग्रेस के हितों से बड़ा नहीं हो सकता। कांग्रेस में केवल साफ छवि और अच्छे राजनीतिक चरित्र वाले नेताओं को ही शामिल किया जाएगा, जिसके लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।
होशियारपुर के कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि टिकट के लिए कोई भी आवेदन कर सकता है, लेकिन टिकट किसी एक को मिलने के बाद सभी को एकजुट होकर पार्टी की जीत के लिए काम करना होगा। उन्होंने दोआबा की सभी 23 सीटों पर कांग्रेस को मजबूत करने और एक-एक वोट के लिए मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कम रैलियां करेगी, लेकिन हर रैली में कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जोश के साथ होश बनाए रखते हुए सभी को मिलकर पंजाब में कांग्रेस सरकार बनानी है और प्रदेश को विकास, रोजगार, सुरक्षा तथा खुशहाली के रास्ते पर वापस लाना है।
इस अवसर पर पार्टी को और मजबूत बनाने तथा आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श करने के लिए विशेष रूप से जिला प्रधान दिलजीत सिंह गिल्जियां, पूर्व मंत्री संगत सिंह गिल्जियां, पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, पूर्व विधायक पवन आदिया, पूर्व विधायक इंदू बाला, यामिनी गोमर, मिक्की डोगरा, गढ़शंकर विधानसभा हलके से उम्मीदवार अमरप्रीत सिंह लाली, चब्बेवाल विधानसभा हलके से उम्मीदवार रणजीत कुमार किट्टी और बलतेज सिंह पन्नू सहित समूची जिला लीडरशिप और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



