
प्रेस नोट डी.ए.वी. यूनिवर्सिटी के 10 विद्यार्थियों ने नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट के सेमीफाइनल में बनाई जगह

डी.ए.वी. यूनिवर्सिटी, जालंधर के 10 विद्यार्थियों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जागरूकता और प्रभावशाली विचार प्रस्तुति का शानदार प्रदर्शन करते हुए 5वीं नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट 2026-27 के क्षेत्रीय-सह-राज्य स्तरीय सेमीफाइनल (लेवल-II) के लिए क्वालीफाई किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों में सुमिधी राणा, गुरलीन कौर, सिया शर्मा, शांभवी, प्रीतकिरण कौर, अकृति, गगनदीप सिंह, दीपा, मिताली महाजन और दिया आहूजा शामिल हैं।
यूनिवर्सिटी स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन डी.ए.वी. यूनिवर्सिटी के एनवायरनमेंट सेल द्वारा स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट, पर्यावरण संरक्षण तथा इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल के सहयोग से किया गया।
इस वर्ष यूथ पार्लियामेंट का विषय “द ग्रीन गैवल: इंडियन यूथ फॉर ए जस्ट, सस्टेनेबल एंड रेजिलिएंट प्लैनेट” रखा गया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, सतत विकास तथा हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के वाईस चांसलर प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं में लोगों की सोच बदलने, पर्यावरण के लिए हानिकारक परंपराओं और व्यवहारों पर सवाल उठाने तथा समाज में सार्थक बदलाव लाने की अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट जैसे मंच विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और सक्षम नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
रजिस्ट्रार प्रो. एस. के. अरोड़ा ने इस उपलब्धि के लिए डॉ. हरप्रीत वालिया, डॉ. राज बाला तथा प्रबंधकीय टीम के अन्य सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच तथा समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. तेजिंदर कौर, कोऑर्डिनेटर, जूलॉजी विभाग तथा मैडम अंजली शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, अंग्रेजी विभाग द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, पर्यावरण संबंधी मुद्दों की समझ तथा अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।



