
FDA ने वेस्टर्न रेलवे स्टेशनों पर 22 फूड स्टॉल को लगाया ताला

मुंबई: मुंबई में वेस्टर्न रेलवे स्टेशनों पर FDA ने बड़ी कार्रवाई की। फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन ने वेस्टर्न रेलवे के कमर्शियल डिपार्टमेंट के साथ मिलकर मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर साफ़-सफ़ाई और क्वालिटी में गंभीर कमियों के कारण 22 फ़ूड स्टॉल बंद कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे सख़्त कार्रवाई बांद्रा स्टेशन पर हुई, जहां 11 स्टॉल बंद करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा ग्रांट रोड, लोअर परेल, चर्नी रोड और मरीन लाइन्स स्टेशनों पर भी स्टॉल बंद किए गए।अधिकारियों के अनुसार, जांच में छोले और समोसे जैसे स्नैक्स काफी खराब क्वालिटी में मिले इसके अलावा स्टॉल के आस-पास गंदगी भी मिली और आउटलेट पर काम करने वाले लोगों के पास वैध मेडिकल सर्टिफिकेट भी नही था। वेस्टर्न रेलवे के अनुसार, इस साल जनवरी से जुलाई के बीच उनके नेटवर्क पर 1,523 रूटीन और अचानक जांच की गईं। इनमें से नियमों के उल्लंघन के लिए 22 स्टॉल पर कार्रवाई की गई और इस दौरान नियमों का पालन न करने वाले वेंडरों पर कुल 1,14,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।बता दें कि FDA ने इसके अलावा मुंबई भर के छह होटलों, क्लबों और खाने-पीने की जगहों के लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिए। इनमें बांद्रा, दहिसर, खार, विले पार्ले, मारोल और चेंबूर में स्थित जगहें शामिल हैं। अधिकारियों ने इन जगहों पर कई कमियां बताईं, जैसे मिलावटी पनीर का इस्तेमाल, एक्सपायर हो चुकी सामग्री का मिलना, कीड़े-मकोड़े होने के संकेत और आम तौर पर साफ़-सफ़ाई की कमी।



