दिल्ली : भारत सरकार के नए इनकम टैक्स एक्ट 2025 और इनकम टैक्स रूल्स 2026 के तहत स्थायी खाता संख्या यानी PAN Card के नियमों में ऐतिहासिक बदलाव कर दिए गए हैं। ये नए नियम आज यानी 1 जून 2026 से पूरे देश में कड़ाई के साथ लागू हो गए हैं। आयकर विभाग ने टैक्स चोरी को रोकने और देश के वित्तीय ढांचे को मजबूत करने के लिए इस पूरी व्यवस्था को अपग्रेड किया है। अब नया पैन कार्ड बनवाना हो, पुराने में सुधार करना हो या फिर बैंक से जुड़ा कोई बड़ा लेन-देन, आपके लिए पुराने तरीके पूरी तरह बदल चुके हैं।अब तक आप सिर्फ अपने आधार नंबर के जरिए कुछ ही मिनटों में तुरंत ई-पैन हासिल कर लेते थे लेकिन आज से यह व्यवस्था खत्म हो गई है। अब केवल आधार कार्ड को जन्मतिथि के पक्के सबूत के तौर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। नया पैन कार्ड बनवाने या पुराने में सुधार के लिए अब आधार के साथ-साथ बर्थ सर्टिफिकेट, 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड में से कोई एक दस्तावेज अलग से देना अनिवार्य होगा।