

जालंधर,18 नवंबर : लोगों खासकर नौजवानों को वोट के महत्व के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से स्थानीय रेड क्रॉस भवन में वोटर जागरूकता संबंधी ज़िला स्तरीय क्विज और लेख लेखन मुकाबले करवाए गए। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं और विजेता विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने संबोधन करते हुए कहा कि देश के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम सबका यह मूलभूत फर्ज बनता है कि हम देश के लोकतांत्रिक ढांचे को और मजबूत करने के लिए चुनाव प्रक्रिया में सक्रियता से हिस्सा लें और दूसरों को भी भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
इससे पहले शैक्षणिक संस्थानों द्वारा अपने स्तर पर वोटर जागरूकता संबंधी विद्यार्थियों के मुकाबले करवाए गए थे और विधानसभा हलका स्तरीय मुकाबलों में अच्छी कारगुजारी दिखाने वाले विद्यार्थियों द्वारा आज ज़िला स्तरीय मुकाबले में हिस्सा लिया गया।
उन्होंने बताया कि विजेता रहने वाले 10 विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों की हौसलाअफजाई करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी अपने आस-पास के लोगों को वोट के महत्व से अवगत करवाने का आह्वान किया।
इस मौके पर अन्य के अलावा नोडल अधिकारी स्वीप डॉ. अशोक सहोता, सचिव ज़िला रेड क्रॉस सोसायटी डॉ. सुरजीत लाल, नेक राम, राकेश कुमार एडवोकेट, सुनील कुमार तथा स्कूलों व कॉलेजों के अध्यापक और विधानसभा हलके के समस्त नोडल अधिकारी भी मौजूद थे।



