अमृतसर: अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। केंद्र सरकार की नई ‘हब-एंड-स्पोक’ अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी नीति के तहत, अमृतसर अब वाराणसी के बाद देश का दूसरा ऐसा हवाई अड्डा बनने जा रहा है, जिसे ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा से जोड़ा जाएगा। एयर इंडिया द्वारा इस विशेष सेवा की शुरुआत 28 जुलाई से की जा रही है।इस नई व्यवस्था के तहत, एयर इंडिया से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को अब दिल्ली के बजाय अमृतसर में ही इमिग्रेशन और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी। यात्री अमृतसर से घरेलू उड़ान में सवार होंगे और दिल्ली पहुंचने के बाद बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के अपनी कनेक्टिंग इंटरनेशनल फ्लाइट ले सकेंगे। इससे पंजाब और आसपास के राज्यों के यात्रियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय यात्रा पहले से कहीं अधिक सरल और सुगम हो जाएगी।इस पहल को अमलीजामा पहनाने के लिए एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के बीच दो दैनिक उड़ानें संचालित करेगी फ्लाइट AI 1113 :यह सुबह 9:10 बजे अमृतसर से रवाना होगी और 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी (यह मौजूदा AI 496 की जगह लेगी) फ्लाइट AI 1115: यह रात 10:00 बजे अमृतसर से उड़ान भरेगी और 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी (यह AI 2574 की जगह लेगी)।