Sliderपंजाब

आपदा और कापदा दोनों ने पंजाब का संसाधन और समय बर्बाद किया – चुग

चंडीगढ़ – 24 फरवरी २०२५

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुग ने पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और विपक्ष में बैठी कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों दल सत्ता के खेल में लगे हुए हैं, जबकि पंजाब की जनता त्रस्त है। चुग ने कहा कि 36 महीने बीत गए, लेकिन आपदा पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। वहीं, कांग्रेस विपक्ष में रहकर
सरकार से जवाब मांगने के बजाय उसके साथ ‘डीलिंग-डीलिंग’ का खेल खेल रही है।

चुग ने कहा कि आपदा पार्टी और कांग्रेस, दोनों ने मिलकर पंजाब को दशकों पीछे धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों दलों की नीतियों ने पंजाब को कर्ज में डुबो दिया और लॉ एंड ऑर्डर को एक उद्योग बना दिया। आज पंजाब का किसान, नौजवान और व्यापारी सभी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, लेकिन मान सरकार के पास न कोई नीति है, न कोई जवाब।

पंजाब विधानसभा का सत्र आज शुरू हो गया, लेकिन अभी भी आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान की कई चुनावी घोषणाएँ अधूरी पड़ी हैं। चुग ने याद दिलाया कि महिलाओं को हर महीने ₹1000 देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ, किसानों को कर्ज माफी का इंतजार है, और पंजाब का युवा नशे की चपेट में आकर बेरोजगारी से जूझ रहा है। जिन वादों पर आपदा पार्टी ने सत्ता हासिल की थी, वे आज केवल जुमले बनकर रह गए हैं और पंजाब की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की 3 करोड़ जनता इन दोनों दलों से जवाब मांग रही है, जिन्होंने मिलकर राज्य को बर्बाद कर दिया। चुग ने कहा कि भाजपा पंजाब में आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा आगे रहेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को विकास और सुशासन की राह पर ले जाएगी।

Related Articles

Back to top button