
दिल्ली: उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के 11 राज्यों के लिए आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 5 मई की रात दिल्ली-NCR और यूपी के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है वहीं अब तेज हवाओं और बिजली गिरने के खतरे ने चिंता बढ़ा दी है।मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी, बिहार, दिल्ली, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और पश्चिम बंगाल में मौसम बिगड़ा रहेगा। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं।दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 7 मई से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जाएगी। वहीं उत्तर प्रदेश के लखनऊ समेत पूर्वी यूपी के जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है। गोरखपुर, मथुरा और कन्नौज में ओलावृष्टि की भी संभावना है।