
एस.डी. फुल्लरवां गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं GGDSD मॉडल स्कूल में श्रद्धा एवं उत्साह से मनाई गई जन्माष्टमी

जालंधर: एस.डी. फुल्लरवां गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं GGDSD मॉडल स्कूल, जालंधर में जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं तथा श्रीकृष्ण से संबंधित गीतों पर विभिन्न नृत्य प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर विद्यालय में विशेष जन्माष्टमी पूजा का आयोजन किया गया। पूजा के उपरांत विद्यार्थियों को माखन-मिश्री, मिठाई एवं प्रसाद वितरित किया गया।
प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए हाउस-वाइज पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसका विषय “भारतीय त्योहार” था। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारतीय संस्कृति और त्योहारों को पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को उपहार एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अमरज्योति ने कहा कि आज के समय में विद्यालयों में ऐसे सांस्कृतिक पर्व मनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं भारतीय विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अपने देश के सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
जन्माष्टमी समारोह भक्तिमय एवं आनंदपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



