दिल्ली: आंध्र प्रदेश के YSR कडप्पा जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। पूरे जिले में हाल के दिनों में COVID-19 के 8 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि संक्रमण से दो मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके बाद प्रशासन ने टेस्टिंग, निगरानी और संक्रमण रोकने की तैयारियां तेज कर दी हैं।देश में अभी केवल तीन राज्यों में ही सक्रिय कोरोना मामले सामने आए हैं, जिनकी कुल संख्या 10 बताई जा रही है। महाराष्ट्र के मुंबई में भी एक मामला सामने आया है। यहां बॉलीवुड गायक कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मिली है। वहीं, उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के एक छात्र की कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है उधर, स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, राजमपेट क्षेत्र के रहने वाले 52 वर्षीय एक व्यक्ति में बुखार और खांसी जैसे लक्षणों के बाद COVID-19 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।