

जालंधर, 14 अक्टूबर: पंजाब में जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज गीता कॉलोनी में नए आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्यभर में एक साथ 154 आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग और वार्ड इंचार्ज सुभाष गोरिया भी उपस्थित थे। मोहिंदर भगत ने जिले में 11 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू होने पर जालंधरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इन क्लीनिकों के माध्यम से हजारों लोगों को पूरी तरह मुफ्त बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इन नए क्लीनिकों के शुरू होने के बाद जालंधर जिले में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 96 हो गई है।
मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सहित प्रत्येक क्षेत्र में सर्वांगीण विकास तथा जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आम आदमी क्लीनिक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और लोगों को उनके घरों के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों में मरीजों को लगभग 47 प्रकार के मेडिकल टेस्ट और 107 प्रकार की आवश्यक दवाइयां बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा, कुत्ते के काटने पर लगने वाली एंटी-रेबीज वैक्सीन की सुविधा भी मुफ्त दी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए जिले में 46 सूचीबद्ध केंद्रों का नेटवर्क भी बनाया गया है। इन सुविधाओं से आम लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि आर्थिक स्थिति किसी भी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने।



