
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में आरोपियों ने मुंबई मे की थी शूटिंग की प्रैक्टिस

दिल्ली; बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना की जांच में नए खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों का दावा है कि हमले से पहले आरोपियों ने मुंबई के पास किसी जगह पर शूटिंग की प्रैक्टिस की थी। बताया जा रहा है कि अंधेरी स्थित अपने होटल के कमरे में हथियार चेक करते समय गलती से गोली भी चल गई थी। मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उस जगह के बारे में बताया जहां उन्होंने हथियार चलाकर चेक किया था। इनमें से एक ने प्रैक्टिस के दौरान दो राउंड फायर किए, जबकि दूसरे ने एक राउंड फायर किया माना जा रहा है कि हमला करने से पहले आरोपी यह पक्का करना चाहते थे कि हथियार ठीक से काम कर रहा है या नहीं। बताया गया है कि प्रैक्टिस के दौरान दोनों ने सफलतापूर्वक हथियार चलाकर देखा था। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि अंधेरी के होटल के कमरे में बंदूक चेक करते समय गलती से गोली चल गई थी। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान एक गोली बिस्तर पर जा लगी। हालांकि, होटल के स्टाफ या कमरे के बाहर मौजूद किसी भी व्यक्ति को इस घटना का शक नहीं हुआ। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मुंबई के पास उस जगह की जांच कर रही है जहां कथित तौर पर फायरिंग की प्रैक्टिस की गई थी। साथ ही घटना से पहले की गई तैयारियों की भी पड़ताल की जा रही है।



