Sliderपंजाब

नशामुक्त पंजाब यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करेंगे अमित शाह*

*चंडीगढ़, 29 सितंबर*:
भारतीय जनता पार्टी के ‘भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा’ के नारे के तहत 18 सितंबर से शुरू हुई नशामुक्त पंजाब यात्रा का कल 30 सितंबर को जालंधर में समापन होगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से पहुंच रहे हैं, जो स्थानीय गांव परागपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
नशामुक्त पंजाब यात्रा के प्रभारी एवं भाजपा नेता राजेश बाघा ने बताया कि पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, तलवंडी साबो और फाजिल्का से शुरू हुई चारों यात्राएं पंजाब के 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर 4 हजार किलोमीटर का सफर तय करते हुए आज जालंधर पहुंच गई हैं।

परागपुर में सजा मंच
राजेश बाघा ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी वाली इस समापन रैली को पंजाब में भाजपा के इतिहास की सबसे बड़ी रैली बनाने के लिए तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को रैली स्थल पर विधिवत हवन करके तैयारियों की शुरुआत की गई थी, जो अब पूरी हो चुकी हैं। यह रैली अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर जालंधर शहर के बाहरी इलाके में स्थित गांव परागपुर में होगी और इसमें मोगा रैली से भी बड़ा जनसमूह जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

👉60 एकड़ में सजा पंडाल
राजेश बाघा के अनुसार इस रैली के लिए 60 एकड़ भूमि में व्यवस्था की गई है। करीब 45 एकड़ में पंडाल लगाया गया है, जबकि 15 एकड़ जगह पार्किंग के लिए रखी गई है।

उन्होंने बताया कि इस रैली में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से आ रही चारों नशामुक्त पंजाब यात्राओं के साथ पहुंच रहे पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। करीब 2 लाख लोगों के जुटने के मद्देनजर 2,000 से अधिक बसों की व्यवस्था भी की गई है। इस रैली में नशे के कारण अपने बेटे, भतीजे और अन्य करीबी रिश्तेदारों को खो चुके पीड़ित परिवार भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
30 सितंबर का जालंधर कार्यक्रम पंजाब भाजपा के लिए अपनी नशा विरोधी मुहिम को एक बड़े राजनीतिक और सामाजिक मंच पर समेटने का अवसर होगा। अमित शाह की मौजूदगी इसे राष्ट्रीय स्तर की पहचान देगी।
अंत नहीं, शुरुआत : अनिल सरीन
नशामुक्त यात्रा के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक और जन आंदोलन है। भाजपा ने पंजाब से नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। इसलिए 30 सितंबर को नशामुक्त पंजाब यात्रा का समापन हो रहा है, लेकिन यह जन आंदोलन की शुरुआत है, जिसे पंजाब भाजपा इसके अंजाम तक लेकर जाएगी।

Related Articles

Back to top button